जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): 'मैं किसी को सुख नहीं दे सकी, इसलिए सुसाइड कर रही हूं, इसमें किसी का कोई दोष नहीं है...' सुसाइड नोट लिख जमशेदपुर में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सोनारी थाना क्षेत्र के बी ब्लॉक कुम्हारपाड़ा में रहने वाली महिला रूपा देवी (40) ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक है. महिला के आत्महत्या करने का कारण तनाव बताया जा रहा है. सोमवार देर रात महिला ने अपने घर में ही फांसी लगाई. घरवालों की नजर पड़ी तो से फंदे से नीचे उतारा. हालांकि तबतक काफी देर हो चुकी थी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया.
बच्चा नहीं होने से तनाव में थी
पुलिस के अनुसार महिला बच्चा नहीं होने के कारण तनाव में रहती थी. परिवार वालों से पूछताछ में यह बात सामने आई है. 2003 में उनकी शादी अजय वर्मा से हुई थी. बच्चा नहीं होने के कारण महिला अक्सर तनाव में रहती थी. इसी कारण महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की. दो दिनों के बाद महिला के चेचेरे भाई की शादी होने वाली है. पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस घटना से महिला के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. सोनारी थाना प्रभारी मधुसुधन दे ने कहा कि महिला ने सुसाइड नोट छोड़ा है. जांच में सामने आया है कि बच्चा नहीं होने के कारण महिला तनाव में थी.
शहर में बढ़ रहे सुसाइड के मामले
जमशेदपुर में सुसाइड के मामले लगातार बढ़ रहे है. हर तीसरे दिन यहां एक सुसाइड का केस देखने को मिल रहा है, जो चिंता का विषय है. युवा से लेकर महिलाएं भी आत्महत्या का रास्ता अपना रही है. पुरुष भी सुसाइड कर रहे है. पारिवारिक तनाव, बेरोजगारी और प्रेम प्रसंग में लोग आत्महत्या कर रहे है.