जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के एग्रिको में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड में अब नया मोड़ आया है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी रविंद्र सिंह का पैसे के इन्वेस्टमेंट को लेकर पत्नी सरिता सिंह से विवाद हुआ था. यह बात आरोपी ने अपने बयान में कही है. सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अकरम ने बताया कि आरोपी ने बताया है कि 10 मई की रात पत्नी से रिटायरमेंट में मिले पैसे के इन्वेस्टमेंट को लेकर बकझक हुई थी. फिर 11 मई की सुबह भी इसी बात को लेकर बकझक हो गई. इसी गुस्से में आरोपी ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर बेटे और बेटी को भी मार डाला. आरोपी ने बताया है कि रिटायरमेंट के बाद उसे 1.49 करोड़ रुपए. इसी रकम के निवेश को लेकर उसकी पत्नी सरिता देवी से विवाद चल रहा था. 10 मई की रात विवाद ज्यादा बढ़ गया.
अब भी नहीं हो रहा यकीन
हालांकि तिहरे हत्याकांड का रहस्य अब तक पूरी तरह नहीं सुलझ पाया है. पुलिस अब तक आरोपी से तीनों हत्याओं के पीछे की असली वजह नहीं जान सकी है. आरोपी पैंतीस विवाद की बात जरूर कर रहा है लेकिन पुलिस को यह यकीन नहीं हो रहा कि मामूली विवाद में इतनी बड़ी घटना हो सकती है. इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है और लोगों के बीच लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. मामले में गिरफ्तार आरोपी रविंद्र सिंह फिलहाल जेल में बंद है. पुलिस ने पूछताछ के दौरान उससे कई बार घटना के कारणों को जानने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई ठोस खुलासा नहीं हो पाया है. आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में बताया था कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने और भविष्य की चिंता से परेशान होकर उसने अपनी पत्नी सरिता सिंह, बेटे रविशेक सिंह और बेटी सुप्रिया सिंह की हत्या कर दी. अब आरोपी की पैसे के इन्वेस्टमेंट को लेकर पत्नी से विवाद की बात किसी को हजम नहीं हो रही है.
नर्कों टेस्ट के लिए कोर्ट में दिया है आवेदन
पुलिस अब आरोपी की नार्को टेस्ट की तैयारी कर रही है. इसके लिए कोर्ट में आवेदन दिया गया है. वही, पुलिस घटना की असली वजह जानने के लिए आरोपी के बड़े बेटे अभिषेक और बड़ी बेटी प्रिय से भी पूछताछ कर सकती है. आरोपी का यह बयान लोगों के गले नहीं उतर रहा है. आसपास के लोगों और रवींद्र सिंह को जानने वालों का कहना है कि परिवार सामान्य जीवन जी रहा था और कभी किसी गंभीर तनाव की बात सामने नहीं आई थी. पुलिस भी इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है. 11 मई की सुबह आरोपी ने अपनी पत्नी, बेटे और बेटी को कुल्हाड़ी और हथौड़े से हत्या की थी.