चतरा(CHATRA): जिले के खरीक गांव के निवासी और भारतीय सेना के वीर जवान दीप नारायण सिंह का दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया. जैसे ही शनिवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई. गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया और हर आंख नम नजर आई. जवान के अंतिम दर्शन के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े. ग्रामीणों ने अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि देने के लिए उन्हें भावभीनी विदाई दी. अंतिम यात्रा के दौरान दीप नारायण सिंह अमर रहे के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा.
परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं गांव के बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी ने इस क्षति को अपूरणीय बताया. लोगों ने कहा कि दीप नारायण सिंह ने हमेशा देश सेवा को सर्वोपरि रखा और उनका जीवन हर युवा के लिए प्रेरणादायक रहेगा. अंतिम संस्कार में हजारों की संख्या में ग्रामीणों और आसपास के लोगों ने हिस्सा लिया. हर किसी ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा रहा.
इस मौके पर चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह भी दिवंगत जवान के पैतृक गांव पहुंचे. उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. सांसद ने कहा कि देश की सेवा में समर्पित एक जवान का इस तरह असमय चले जाना समाज और क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. ग्रामीणों ने भी कहा कि दीप नारायण सिंह की देशभक्ति और सेवा भावना हमेशा याद रखी जाएगी और वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे.