बोकारो(BOKARO): थर्मल पावर प्लांट में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब कोयला खाली कर रही एक मालगाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई. तेज रफ्तार में आई इस ट्रेन ने प्लांट का गेट तोड़ दिया और बाहर निकलते ही पास खड़ी एक स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी. घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है.
टक्कर के बाद मालगाड़ी स्कॉर्पियो को करीब 400 से 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, स्कॉर्पियो चला रहे मालिक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ी घटना टल गई.
जांच में इस घटना के पीछे गंभीर लापरवाही की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि सुबह कोयला लदा रैक प्लांट पहुंचा था और उसे खाली कर लिया गया. रैक को इंजन आगे रखकर बाहर निकाला जाना चाहिए, लेकिन इसे रिवर्स में बाहर लाया जा रहा था. इतना ही नहीं, पीछे न तो गार्ड की बोगी मौजूद थी और न ही कोई प्रभावी सिग्नलिंग व्यवस्था थी.
तेज गति के कारण मालगाड़ी गेट तोड़ने के बाद काफी दूरी तक निकल गई और लगभग 500 मीटर आगे जाकर उसका पिछला हिस्सा पटरी से उतर गया, जिसके बाद वह रुक सकी. अगर उस समय मुख्य लाइन का गेट खुला होता, तो गोमो-चोपन पैसेंजर ट्रेन के साथ बड़ा रेल हादसा हो सकता था.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेलवे अधिकारी और CISF की टीम मौके पर पहुंच गई. बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव, स्टेशन मैनेजर शैलेश कुमार और CISF निरीक्षक प्रशांत कुमार प्रसून ने स्थिति का जायजा लिया. रेलवे प्रशासन ने रैक चालक अरुण कुमार की भूमिका की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल रेलवे परिचालन सामान्य बना हुआ है.
रिपोर्ट- संजय कुमार