टीएनपी डेस्क(TNPDESK) : अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के बटलर शहर में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति व रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प की चुनावी रैली तालियों की आवाज की जगह गोलियों की आवाज में तब्दील हो गई. अमेरिका के टाइम ज़ोन के मुताबिक शनिवार 13 जुलाई कि शाम 6.30 बजे डोनाल्ड ट्रम्प चुनावी रैली कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने मंच पर आ कर ‘टेक अ लुक एट वॉट हैपंड’ से अपना भाषण देना शुरू ही किया था कि अचानक से उनके दायें कान से एक गोली छु कर निकल गई और उनका कान लहूलुहान हो गया. जिससे चुनावी रैली एक पल में अफरा तफरी में बदल गई. लेकिन गोली लगने के बाद भी ट्रम्प खड़े हुए और कुछ कहने की कोशिश करने लगे. हालांकि, उनके गार्ड्स ने तुरंत उन्हें सुरक्षा घेरे में ले लिया और उन्हें अस्पताल ले गए. फिलहाल ट्रम्प को सुरक्षित बताया जा रहा है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है. वहीं, इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और 2 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
8 राउंड में कि गई फ़ाइरिंग
बता दें कि, चुनावी रैली से 400 फीट की दूरी पर स्थित इमारत की छत से गोली चलाई गई है. हालांकि, गोली चलाने वाले अपराधी की पहचान हो गई है. अपराधी का नाम थॉमस मैथ्यू क्रुक्स है जिसकी उम्र महज 20 साल की बताई जा रही है. अपराधी द्वारा 8 राउंड गोलियां चलाई गई, जिसमें से एक गोली ट्रम्प के कान को चीरते हुए पार हो गई. लेकिन इस दौरान एक व्यक्ति को गोली लगने से उसकी मौत हो गई और 2 व्यक्ति घायल हो गए हैं. वहीं, सीक्रेट सर्विस द्वारा शूटर को मौके पर ढेर कर दिया गया है. लेकिन अब तक शूटर के मकसद का पता नहीं लग पाया है. घटनास्थल से एआर राइफल बरामद किया गया है. पेंसिल्वेनिया पुलिस इस घटना कि जांच पड़ताल कर रही है.
अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं - राष्ट्रपति बाइडेन
इस घटना कि कड़ी नींदा करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि, 'मुझे पेंसिल्वेनिया में डोनाल्ड ट्रंप की रैली में हुई गोलीबारी के बारे में जानकारी दी गई है. मैं यह सुनकर आभारी हूं कि वह सुरक्षित हैं. मैं उनके और उनके परिवार और रैली में शामिल सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं. मैं उनसे जल्द बात करने की कोशिश करूंगा. रैली बिना किसी हिंसा के शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जानी थी. अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है'.
राजनीति और लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं - पीएम मोदी
वहीं, अपने दोस्त ट्रम्प के लिए भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट करते हुए कहा कि ‘मेरे मित्र, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले से मैं बहुत चिंतित हूं. इस घटना की कड़ी निंदा करता हूं. राजनीति और लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.' इसके साथ ही पीएम ने हमले में मारे गए या घायल हुए लोगों के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त की. उन्होंने आगे लिखा, 'हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवार, घायलों और अमेरिकी लोगों के साथ हैं.'
इन राष्ट्रपतियों पर भी हो चुका है हमला
बता दें कि, केवल ट्रम्प ही नहीं पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा व मौजूदा राष्ट्रपति बाइडन पर भी हमला हो चुका है. कई पूर्व राष्ट्रपति ऐसे भी हैं जिनकी या तो हत्या कर दी गई है या हत्या करने का प्रयास किया गया है. हत्या किए गए राष्ट्रपतियों में 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन का नाम भी मौजूद है, जिनकी हत्या की साजिश की गई थी.