धनबाद(DHANBAD): सेल, चासनाला कोलियरी प्रबंधन सेल कर्मियों, विस्थापितों और स्थानीय लोगों के बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने के लिए बरसों से दी जा रही बस सेवा को 12 दिसंबर से बंद कर दिया है. यह मामला नहीं सुलझ रहा है. इधर इसका विरोध कर रही संयुक्त संघर्ष समिति ने 10 जनवरी को चासनाला कोलियरी का चक्का जाम आंदोलन करने की चेतावनी दी थी. इस चेतावनी का असर प्रबंधन पर हुआ और प्रबंधन ने मंगलवार को यूनियन प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई. फाइनल कुछ नहीं हुआ लेकिन प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि 9 जनवरी तक स्कूल बस सेवा सुविधा बहाल कर दी जाएगी.
नहीं बर्दाश्त करेंगे प्रबंधन की मनमानी
समिति के संयोजक सुंदर लाल महतो एवं योगेन्द्र महतो ने कहा कि इस जनहित कार्य को बंद कर प्रबंधन स्कूली बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने घोषणा की कि यदि 9 जनवरी तक स्कूल बस सेवा बहाल नहीं हुई तो 10 जनवरी से सेल की चासनल्ला कोलियरी का चक्का जाम होगा, जिसकी पूरी जवाबदेही प्रबंधन की होगी. वार्ता में प्रबंधन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक के अलावा यूनियन प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
रिपोर्ट: संतोष, धनबाद
