गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कारीपहाड़ी में मिले महिला के अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका के पति समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पति दूसरी शादी करना चाहता था, इसी वजह से उसने पत्नी की साजिशन हत्या कर शव को जला दिया.
गुरुवार को गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार और बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान साहिना प्रवीण के रूप में हुई है, जो डुमरी थाना क्षेत्र के चिनो गांव निवासी जाबिर अंसारी की पत्नी थी और ताहूल अंसारी की पुत्री थी.
पुलिस जांच में सामने आया कि जाबिर अंसारी ने दूसरी शादी करने का फैसला किया था. इसी इरादे से वह साहिना को बगोदर के कारीपहाड़ी इलाके में ले गया, जहां अपने करीबी लोगों की मदद से उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया.
एसपी के अनुसार, इस वारदात में जाबिर अंसारी के साथ उसकी भाभी, साबिर की पत्नी जैबूण निशा, निमियाघाट थाना क्षेत्र के कर्माटोंगरी निवासी वकील अंसारी, गुड्डु अली और बगोदर थाना क्षेत्र के बेको गांव निवासी सराफत अंसारी शामिल थे.
बगोदर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, मृतका के कपड़े और चूड़ियां सहित कई अहम सामान बरामद किए हैं. पुलिस ने बताया कि शव की पहचान घटना के अगले दिन 30 जनवरी को मृतका की चूड़ियों और पैरों में पहने चांदी के जेवर के आधार पर की गई थी. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में चार्जशीट की तैयारी की जा रही है.
रिपोर्ट : दिनेश रजक
