चाईबासा (CHAIBASA): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. झींकपानी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता की शिकायत पर गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. घटना के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
जानकारी के अनुसार यह घटना करीब 10 से 12 दिन पहले की बताई जा रही है. पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना वाले दिन वह सुबह घर में अकेली थी और घरेलू कामकाज में व्यस्त थी. इसी दौरान गांव के तीन युवक जबरन उसके घर में घुस आए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.
पीड़िता का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा. डर और सामाजिक बदनामी की आशंका के कारण युवती लंबे समय तक चुप रही. हालांकि कुछ दिनों बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. परिजनों के लगातार पूछने पर उसने पूरी घटना की जानकारी परिवार को दी. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने ग्राम मुंडा और ग्रामीणों को मामले से अवगत कराया. इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से बुधवार को झींकपानी थाना पहुंचकर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया.
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. झींकपानी थाना प्रभारी राजीव रंजन मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं.