गढ़वा (GARHWA): जिले के चिनियां थाना क्षेत्र के मसरा गांव स्थित लामी घुटरा जंगल से गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया. केंदु पत्ता तोड़ने जंगल पहुंचे ग्रामीणों की नजर जब एक क्षत-विक्षत नरकंकाल पर पड़ी, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. जंगल में कंकाल के पास कपड़े, बेल्ट और टूटे मोबाइल के टुकड़े भी बिखरे मिले, जिसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई.
बाद में मृतक की पहचान मसरा गांव निवासी जय मंगल सिंह के रूप में की गई. परिजनों ने घटनास्थल पर मिले कपड़ों, बेल्ट और मोबाइल के अवशेषों के आधार पर उसकी पहचान की. जानकारी के अनुसार, जय मंगल सिंह बीते 13 मई से लापता था. बताया जा रहा है कि गांव में आई एक बारात के दौरान उसका गांव के ही सुदामा सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद से ही वह अचानक गायब हो गया था.
मृतक के पिता सुकन सिंह ने बताया कि परिवार को लगा था कि जय मंगल किसी काम से बाहर गया होगा, इसलिए उन्होंने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं कराई. लेकिन जंगल से नरकंकाल मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही चिनियां थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से कंकाल के अवशेष, कपड़े, बेल्ट और क्षतिग्रस्त मोबाइल बरामद किए हैं. सभी सामानों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.
पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए सुदामा सिंह को हिरासत में लिया है. फिलहाल हत्या, अपहरण और आपसी रंजिश समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में भय और चर्चाओं का माहौल है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.