धनबाद (DHANBAD): शाबाश धनबाद की पुलिस. लोडेड कट्टा और एयर गन में फर्क जानने के लिए पुलिस को क्या नई ट्रेनिंग की जरूरत है. शुक्रवार की रात झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर कैनरा बैंक के निकट पल्सर सवार युवकों के पास से जो लोडेड कट्टा बरामद करने की बात पुलिस कर रही थी ,वह शनिवार की सुबह एयर गन बन या बना दिया गया है. मतलब साफ है कि पुलिस को कट्टा और एयरगन में फर्क समझ में शायद नहीं आता है या जानबूझकर खेल किया जा रहा है.
अब यह जांच का विषय है कि बरामद हथियार कट्टा ही था या सचमुच एयरगन. लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले एक थाना में बारूद को बालू बना दिया गया था, उसी प्रकार क्या कहीं रात को बरामद कट्टा सुबह में एयरगन तो नहीं बन गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि हथियार बरामदगी के समय घटनास्थल पर सैकड़ों लोग थे. पुलिस के अधिकारी भी थे.
किसी को भी कट्टा और एयरगन में फर्क क्यों नहीं दिखा. लोग सवाल पूछ रहे हैं लेकिन इसका जवाब नहीं मिल रहा है. इसका जवाब तो पुलिस के कोई बड़े अधिकारी ही जांच के उपरांत दे सकते हैं. जानकारी के अनुसार जोड़ा पोखर थाने में शनिवार को दिनभर नेताओं का जमावड़ा लगा रहा. सभी युवकों को छुड़ाने के लिए दबाव बना रहे थे. हालांकि तीनों युवक अभी भी थाना में ही हैं. जोड़ा पोखर पुलिस का कहना है कि शुक्रवार की रात कट्टा समझकर हथियार जब्त किया गया था. सुबह जब उसकी जांच की गई तो वह एयरगन निकला. बाइक सवार युवकों ने जिसे धक्का मारा था ,वह निर्मल चटर्जी अभी तक पुलिस में कोई शिकायत नहीं की है.
