सरायकेला (SARAIKELA): जिले में दलमा अभयारण गेट के सामने नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें मवेशियों से लदे एक मिनी ट्रक और मारुति कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के तुरंत बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायल चालक को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मिनी ट्रक में करीब 10 गायें लदी हुई थीं. आशंका जताई जा रही है कि इन मवेशियों को अवैध रूप से कहीं ले जाया जा रहा था. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी. साथ ही ट्रक में लदे मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई. फिलहाल पुलिस इस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मवेशियों को कहां और किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा