जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. इसमें एक की मौत हो गई है जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे है. घटना पोटका थाना क्षेत्र के जुड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई है. रेलवे क्रॉसिंग हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित है. क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले टाटा मैजिक और फिर दो मोटरसाइकिलों से जा टकराई. इसके बाद कार पलट गई. 11 घायलों में 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतक की पहचान अब तक नहीं हुई है. घटना के बाद पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
ओडिशा की ओर जा रही थी कार
घटना मंगलवार की दोपहर हुई. कार संख्या डब्लूबी02एएस- 4768 ओडिशा की ओर जा रही थी. स्थानीय लोगों के अनुसार कार की गति काफी अधिक थी. रेलवे क्रॉसिंग के पास बने बंपर से कार उछल गई और चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया. अनियंत्रित कार ने पहले आगे चल रही टाटा मैजिक में टकाक मारी. फिर 2 बाईकों को भी अपनी चपेट में ले लिए. घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है.
लोगों के सहयोग से पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच है. घायल सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुटी. इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पोटका सीएचसी पहुंचाया. यहां एक को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम रेफर किया गया. पुलिस मृतक के परिजनों का पता लगा रही है. पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है.