सरायकेला ( SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार हाइवा सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार दोनों लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे एक भारी ट्रेलर खड़ी थी. इसी दौरान JH05AN4390 नंबर की हाइवा तेज गति से पीछे से आकर ट्रेलर में घुस गई. हादसे की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार हाइवा काफी तेज गति से चल रहा था, इसी दौरान चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और हाइवा सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से जा टकराई.
हाइवा का केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण चालक और खलासी को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई. पुलिस ने जेसीबी और कटर मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. मृतकों की पहचान अब तक तक नहीं हो पाई है.
घटना के बाद एनएच-33 पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. सड़क हादसे की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चांडिल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है. चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि हादसे में हाइवा के चालक और खलासी की मौत हुई है. दोनों की पहचान अब तक नहीं हुई है.