साहिबगंज(SAHIBGANJ): जिले के कल्याणचक फाटक के पास उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब टोटो के किराये को लेकर दो नशे में धुत युवकों के बीच विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। विवाद की शुरुआत सामान्य लग रही थी. लेकिन कुछ ही मिनटों में मामला गाली-गलौज. धक्का-मुक्की और जोरदार हंगामे तक पहुंच गया. दोनों युवक नशे की हालत में थे और सड़क किनारे एक-दूसरे पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप करते नजर आए. इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ.
बताया जा रहा है कि विवाद टोटो किराये को लेकर शुरू हुआ था. जैसे-जैसे बहस बढ़ी. स्थिति और बिगड़ती चली गई. इसी दौरान टोटो पर सवार एक अन्य यात्री. जो कथित तौर पर शराब के नशे में था. ने भी बीच में हस्तक्षेप करते हुए बयानबाजी शुरू कर दी. जिससे मामला और अधिक गरमा गया.
दोनों युवक आपस में उलझते हुए एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और आसपास खड़े लोग उन्हें अलग करने की कोशिश कर रहे हैं. काफी देर तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया.
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम से इलाके में कुछ समय के लिए तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. सड़क किनारे हुए इस हंगामे के कारण राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय निवासियों का कहना है कि कल्याणचक फाटक और आसपास का क्षेत्र अब नशेड़ियों के लिए एक तरह से अड्डा बनता जा रहा है. शाम ढलते ही यहां नशे में धुत लोगों की भीड़ जमा होने लगती है. जिसके कारण आए दिन छोटे-छोटे विवाद बड़े झगड़ों में बदल जाते हैं.
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए. ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.फिलहाल पुलिस को घटना की जानकारी मिल चुकी है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर