साहिबगंज(SAHIBGANJ):झारखंड के साहिबगंज जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला जहां एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई जिससे स्कॉर्पियो में सवार सात लोगों की जान खतरे में पड़ गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला. जिसके बाद नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया.घटना साहिबगंज जिले के बांझी का है.
सड़क हादसे में सात लोग घायल
इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार करीब 6-7 लोग घायल हो गए.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन बेहद तेज गति में था जिससे चालक संतुलन खो बैठा और यह दुर्घटना हो गई.हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया.वाहन के खाई में गिरते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत-बचाव कार्य में जुट गए.
ग्रामीणों की तत्परता से बच गई लोगो की जान
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला.प्राथमिक उपचार के लिए घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया,जहां उनका इलाज चल रहा है.बताया जा रहा है कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है.घटना ने एक बार फिर घाटी क्षेत्र में तेज रफ्तार और असावधानी से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट-साहिबगंज ब्यूरो