धनबाद(DHANBAD): झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 को लेकर धनबाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे.
इसी को लेकर आज न्यू टाउन हॉल में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी समेत सभी दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. उपायुक्त ने साफ कहा है कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. अभ्यर्थियों को अपने साथ सिर्फ जरुरी चीजें ही लेकर अंदर प्रवेश करने दिया जाएगा. साथ ही सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी और पहचान पत्र का मिलान किया जाएगा.
उपायुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल करते पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी. जिले में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक. प्रशासन का लक्ष्य है कि पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो.
रिपोर्ट: नीरज कुमार