चतरा(CHATRA): जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर आए. मृत महिला की पहचान जोरी खुर्द गांव निवासी कैलाश साहू की पत्नी अंजू देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अंजू देवी रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं.
मॉर्निंग वॉक के दौरान उन्होंने पूजा के लिए फूल भी तोड़े थे और घर लौट रही थीं. इसी दौरान एनएच-22 गया-चतरा मुख्य सड़क पर तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. ट्रक की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला. टक्कर लगते ही वह सड़क पर दूर जा गिरीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई.
घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े किए. लोगों का कहना था कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा.
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने एनएच-22 गया-चतरा सड़क को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. प्रदर्शन कर रहे लोग मृतका के परिवार को मुआवजा देने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे.
घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई. वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बेलगाम रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.