धनबाद (DHANBAD): धनसार के गुंजन ज्वेल्स के मालिक सुमित अग्रवाल ने खुद डकैतों का पता लगाने का काम शुरू किया है. सुमित अग्रवाल ने सीसीटीवी कैमरे में कैद एक डकैत की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है और कहा है कि जिसे भी इस डकैत के बारे में जानकारी मिले, वह इसकी सूचना दें. आगे बताया कि 3 सितंबर को पांच डकैत उनकी दुकान में घुसे थे. लगभग 70% स्टॉक आरोपी लूट ले गए. मामले की शिकायत धनसार थाने में दर्ज है, बावजूद इतने दिन बीतने के बाद भी डकैत न पकड़े गए हैं और न ही गहने बरामद हो पाए हैं.
पूछताछ में जुटी है पुलिस
बता दें कि गुंजन डाका कांड में एक अपराधी का चेहरा सीसीटीवी में कैद हो गया था. लेकिन फिर भी पुलिस अभी तक इसकी पहचान नहीं कर पाई है और न इसे ढूंढ पाई है. इधर, गुंजन डाका कांड के ठीक 3 दिन बाद मुथूट फाइनेंस में डाका डालने पहुंचे डकैती की घटना को बैंक मोड़ पुलिस ने विफल कर दिया था. एक को मार गिराया जबकि दो को जीवित धर दबोचा था. पकड़े गए अपराधियों ने स्वीकार किया है कि मुथूट डकैती कांड में भी वह शामिल थे. इधर जानकारी मिली है कि धनसार पुलिस इन लोगों को रिमांड पर लेकर गुंजन डाका कांड में के संबंध में पूछताछ करेगी.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
