गुमला(GUMLA): जिले के बसिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नदी में नहाने गई पांच युवतियों में से दो की डूबने से मौत हो गई. जबकि तीन युवतियों को ग्रामीणों की सूझबूझ से सुरक्षित बचा लिया गया. मृतकों की पहचान सनीचर टोली की रहने वाली काजल कुमारी और उसकी चचेरी बहन दीपिका कुमारी उर्फ दीपशिखा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गांव की पांच युवतियां चुटिया नदी में नहाने के लिए गई थीं. शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन कुछ ही देर में वे सभी गहरे पानी की ओर बढ़ गईं और अचानक संतुलन बिगड़ने से डूबने लगीं.
युवतियों को पानी में ढूबता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. शोर सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए नदी में कूद गए. काफी मशक्कत के बाद तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन काजल और दीपिका को बचाया नहीं जा सका.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे नदी या किसी भी गहरे पानी में जाते समय पूरी सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.