रांची(RANCHI): झारखंड के घने और हरियाली से भरपूर जंगलों पर इस समय फॉरेस्ट फायर का गंभीर खतरा मंडरा रहा है. लगातार बढ़ती गर्मी, सूखा मौसम और तापमान में तेजी के कारण राज्य के वन क्षेत्रों में आग लगने की आशंका काफी बढ़ गई है. इसी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड ने राज्यवासियों के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किया है.
विभाग ने साफ कहा है कि आने वाले 7 दिन राज्य के वन क्षेत्रों के लिए अत्यंत संवेदनशील हैं. इस दौरान किसी भी समय जंगलों में आग लग सकती है और स्थिति बेकाबू हो सकती है. ऐसे में लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है.आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अगले एक सप्ताह तक लोग किसी भी प्रकार की गैर-जरूरी गतिविधियों के लिए जंगलों में न जाएं. पिकनिक मनाने, लकड़ी इकट्ठा करने या अन्य कार्यों के लिए वन क्षेत्रों में प्रवेश पूरी तरह से टालने की सलाह दी गई है.
विभाग ने चेतावनी दी है कि एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े स्तर पर पर्यावरणीय नुकसान का कारण बन सकती है. सूखी घास और तेज गर्मी के कारण आग बहुत तेजी से फैल सकती है, जिससे वन्यजीवों पर गंभीर असर पड़ सकता है. प्रशासन ने लोगों से यह भी अपील की है कि जंगलों के रास्तों से गुजरते समय जलती हुई बीड़ी, सिगरेट, माचिस या किसी भी तरह की ज्वलनशील वस्तु खुले में न फेंकें. ऐसी लापरवाही से जंगल में आग भड़क सकती है और उसे नियंत्रित करना बेहद मुश्किल हो सकता है.
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी भी वन क्षेत्र में धुआं या आग की लपटें दिखाई दें तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन, वन विभाग या आपदा प्रबंधन टीम को दें. समय रहते सूचना मिलने पर आग पर काबू पाया जा सकता है और बड़े नुकसान से बचा जा सकता है. फिलहाल राज्य सरकार और वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है.