गिरिडीह(GIRIDIH): गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के माहुरीठाकुर बगीचा गांव में पिता-पुत्र की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई. वहीं तालेशवर महतो गंभीर रुप से जख्मी हो गए. घटना शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे के करीब की है. मृतको में 45 वर्षीय सोनू मुर्मु और उसका बेटा रवि मुर्मू शामिल है. जानकारी के अनुसार, निमियाघाट थाना क्षेत्र के सिमरबेटा गांव निवासी सोनू मुर्मु अपने बेटे रवि मुर्मु समेत पांच लोगों के साथ चूहा पकड़ने शनिवार को बगोदर के माहुरीठाकुर बगीचा गांव पहुंचा था.
बारिश आने पर सभी पेड़ के नीचे हुए खड़े
पांचो गांव के अलग-अलग हिस्सों में चूहा पकड़ ही रहे थे कि अचानक मूसलाधार बारिश के साथ वज्रपात होना शुरू हो गया. इस दौरान सभी बारिश से बचने के लिए अलग-अलग पेड़ के नीचे खड़े हो गए. जिसमें दोनों मृतक पिता-पुत्र जहां एक पेड़ के नीचे खड़ा हुए तो वहीं दुसरी तरफ तालेशवर महतो दुसरे पेड़ के नीचे खड़ा हो गए. लेकिन दो और लोग बारिश से बचने के लिए कहीं और जा छिप गए. इसी बीच तेज आवाज के साथ आसमानी बिजली कड़की, और दोनो पेड़ पर गिर गई. जिसमें पिता-पुत्र समेत तीनों गंभीर रुप से झुलस गए. इस दौरान स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों को इलाज के लिए बगोदर के सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र भेजा गया. जहां इलाज के क्रम में सोनू मुर्मु और उसके बेटे रवि मुर्मु की मौत हो गई. जबकि तालेशवर महतो का इलाज अब भी चल रहा है.
रिपोर्ट: दिनेश कुमार, गिरिडीह
