गढ़वा (GARHWA): जिले में वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान लापता हुए एक मतदान कर्मी के परिवार को आखिरकार 12 साल बाद आर्थिक सहायता दी गई है. जिला प्रशासन की ओर से मानवीय पहल करते हुए लापता कर्मी मार्टिंग कच्छप की पत्नी किरण तिर्की को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा गया.
जानकारी के अनुसार, मार्टिंग कच्छप वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में ड्यूटी पर तैनात थे. चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने पलामू लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत डाल्टेनगंज स्थित बाजार समिति परिसर के वज्रगृह में मतपेटी जमा की थी. इसके बाद से ही वह अचानक लापता हो गए और आज तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका.
इस घटना के वर्षों बाद भी परिवार को न्याय और सहारा नहीं मिल पाया था. ऐसे में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिनेश यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनकी पत्नी को 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की. यह राशि प्रशासन द्वारा सामाजिक जिम्मेदारी और सहानुभूति के तहत दी गई है, ताकि परिवार को आर्थिक सहयोग मिल सके.
चेक प्राप्त करते समय किरण तिर्की भावुक नजर आईं. प्रशासन ने इस दौरान परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की. उपायुक्त दिनेश यादव ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि एक मतदान कर्मी इतने वर्षों से लापता है और अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आर्थिक सहायता परिवार के जीवनयापन में सहारा बनेगी.
रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार