लातेहार (LATEHAR): ट्रक चालकों को नशीला पदार्थ खिलाकर वाहन लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. चतरा सदर थाना में 29 मार्च को दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र, जो चतरा बॉर्डर से सटा है, वहां छापेमारी कर एक संदिग्ध को चोरी के ट्रक के साथ पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के हबीबपुर निवासी आदित्य राज उर्फ आदित्य कुमार उर्फ राजीव रंजन उर्फ मनन चौधरी उर्फ मो. शाहबाज के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रक चालकों को नशीली दवा देकर बेहोश करता था और फिर वाहन लेकर फरार हो जाता था. पुलिस ने आरोपी के पास से 42 नशीली गोलियां, ट्रक का GPS निकालने के उपकरण, प्लास, पेचकस और 17 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं.
जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने सहयोगियों एखलाक खान, राजेश यादव और टुनु यादव के साथ मिलकर बिहार और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. चोरी किए गए ट्रकों को पश्चिम बंगाल के पन्नागढ़ में बेच दिया जाता था.
एसपी ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है और इसके नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.