सरायकेला(SARAIKELA):सरायकेला जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के हाड़ात गांव में जंगली हाथी के हमले से एक दर्दनाक घटना हुई है. इस हमले में एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे की है.बताया जा रहा है कि एक जंगली हाथी गांव में घुस आया और एक घर को तोड़ दिया। घर के गिरने से मलबे में दबकर घर के सदस्य घायल हो गए.
हाथी ने मां-बेटी को कुचलकर उतारा मौत के घाट
इसी दौरान घर में सो रही महिला चाइना महतो (36 वर्ष) और उनकी बेटी अमिता महतो (13 वर्ष) घबराकर बाहर भागी लेकिन बाहर पहले से मौजूद हाथी ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.घायलों में महिला के पति कमलचंद महतो, सास संतूला महतो और ससुर मोहनलाल महतो शामिल है.सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है.घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.
विभाग ने मृतकों के परिजनों को तुरंत 1 लाख रुपये की मदद दी
वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को तुरंत 1 लाख रुपये की मदद दी है और बाकी 7 लाख रुपये कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन दिया है। वहीं घायलों को भी 10-10 हजार रुपये इलाज के लिए दिए गए है.घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है साथ ही ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ नाराजगी भी देखी जा रही है, क्योंकि इलाके में पहले भी हाथियों का आतंक बना हुआ है.
रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल