जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पिछले कई दिनों से हो रहे भीषण बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ जाने से आसपास की बस्तियों के कई घरों में बाढ़ का पानी घुस गया. जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. सूचना मिलते ही भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के संग कल्याण नगर, गौतम बिहार, बागुनहातू बिहारी बस्ती , बारीडीह बस्ती भोजपुर कॉलोनी, मिथिला कॉलोनी आदि स्थानों का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों से मिलकर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. लोगों के जन-जीवन को सामान्य करने में उन्होंने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर बाढ़ पीड़ितों के सेवा में तत्पर रहने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से शहर के बाढ़ पीड़ित परिवारों को उनके आवश्यकतानुसार जरूरी मदद करने का निर्देश दिया.
पूर्व मुख्यमंत्री ने की सराहना
पूर्व मुख्यमंत्री ने शहर की विभिन्न कंपनियों से सीएसआर फंड के तहत बाढ़ पीड़ितों के मदद के लिए आगे आने की अपील की है. रघुवर दास ने शहर के बाढ़ प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों में जिला प्रशासन, भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों की ओर से तत्परता के साथ किये जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की. इसके साथ ही, उन्होंने जिला प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर के नियमित छिड़काव करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि पानी कम होने के बाद बीमारियों को लेकर जिला प्रशासन को अभी से समुचित तैयारी करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि डैम से पानी छोड़ने से पहले प्रशासन को निचले इलाकों में रह रहे लोगों के बीच सूचना और जागरूकता कार्यक्रम को बड़े पैमाने पर चलाना चाहिए, जिससे जान-माल के नुकसान की हानि से बचा जा सके.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर
