जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह हरिजन बस्ती में एक गंभीर घटना सामने आई है. यहां कब्रिस्तान के अंदर फुटबॉल लेने गए दो नाबालिगों को चोरी के शक में पकड़कर बुरी तरह पीटा गया. आरोप है कि टेंट हाउस संचालक के बेटों ने दोनों किशोरों को बंधक बनाकर मारपीट की. सोमवार रात परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो बस्ती के लोगों के साथ सभी मौके पर पहुंचे. लोग कब्रिस्तान का ताला तोड़कर अंदर पहुंचे और दोनों नाबालिगों को छुड़ाया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा और मारपीट भी हुई. घायल किशोरों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया, जहां 13 वर्षीय कुणाल सिंह का दाहिना हाथ में गंभीर चोट आने की पुष्टि हुई, जबकि दूसरे किशोर रणवीर मुखी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
थाना पहुंचे लोग, कार्रवाई की मांग
सूचना पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. आक्रोशित लोगों ने नाबालिगों के साथ मारपीट करने वालों को एक कमरे में बंद कर दिया था, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया. मामले को लेकर बस्ती के लोग देर रात थाना पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए बिष्टुपुर, जुगसलाई और सिदगोड़ा थाना की पुलिस के साथ अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे के अनुसार नाबालिग कब्रिस्तान में फुटबॉल लेने गए थे, जहां उनके साथ मारपीट की गई. 2 युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पूरे मामले की जांच चल रही है.
रिपोर्ट:रोहित सिंह