सिमडेगा (SIMDEGA): जिले के बोलबा प्रखंड स्थित तलमंगा गांव में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया. घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले बोलबा अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा रेफर किया गया है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान तलमंगा घांसी टोली निवासी मनोज कुल्लू के रूप में हुई है. वह इमिल कुल्लू का पुत्र बताया जा रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक मनोज अपने एक दोस्त के साथ बैठा हुआ था. इसी दौरान दोनों ने साथ में शराब पी. बताया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने गुस्से में आकर टांगी से मनोज कुल्लू पर हमला कर दिया. हमला इतना तेज था कि मनोज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर देर रात बोलबा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा रेफर कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया. ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर काफी चर्चा है. लोगों का कहना है कि मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे एक युवक की जान पर बन आई. मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर शराब के नशे में बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है. वहीं घायल युवक की स्थिति को लेकर परिजनों में बेचैनी बनी हुई है.