गिरिडीह: जिले के डुमरी प्रखंड स्थित निमियाघाट में शनिवार को उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक अपने भाई की साली से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक ने साफ कहा कि जब तक शादी की बात पक्की नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा.
जानकारी के अनुसार युवक जामताड़ा का रहने वाला है और वह पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है. युवक के टावर पर चढ़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और तमाशबीनों का जमावड़ा लग गया.
घटना की सूचना मिलते ही निमियाघाट पुलिस मौके पर पहुंची.पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा युवक को काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया. घंटों चले इस ड्रामे के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश लगातार जारी रही.
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर काफी चर्चा रही और कई लोगों ने इसे फिल्म शोले के मशहूर टंकी वाले सीन से जोड़कर देखा. फिलहाल पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी हुई है.
रिपोर्ट दिनेश कुमार रजक