धनबाद: कतरास इलाका दबंगई के लिए कुख्यात होता जा रहा है. दिन तो दिन देर रात को भी गुटों में बंटे कोयला चोर और तस्कर टकरा रहे हैं.कोयला तस्करों के पोषक एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं.सूचना के अनुसार कतरास के छाता बाद मैदान के पास बुधवार की आधी रात के बाद कोयले के कथित अवैध धंधे में एकाधिकार को लेकर दो गुटों में फायरिंग हो गई.
दर्जनों राउंड फायरिंग की गई. तीन लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है. एक को दुर्गापुर रेफर कर दिए जाने की बात सामने आई है. घटना की सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. बताया जाता है कि स्कॉर्पियो पर सवार कुछ लोग छाता बाद मैदान की तरफ से आए और अंधाधुंध फायरिंग कर भागने लगे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने भी फायरिंग की.कुछ का कहना है कि पहले दोनों गुट में बकझक हुई ,फिर गोलियां चलने लगी.दोनों ओर से हुई फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए हैं.
पुलिस फायरिंग करने वालों की खोज में देर रात से छापेमारी शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार दर्जनों राउंड फायरिंग की गई है. बताया जाता है कि जिस जगह पर फायरिंग हुई है .उसके पास में ही आउटसोर्सिंग प्रोजेक्ट है. आसपास कोयले का अवैध उत्खनन होता है. साइकिल और बाइक से कोयला लाकर डंप किया जाता है. फिर वहां से बाहर भेज दिया जाता है. इस धंधे में वर्चस्व के लिए दो गुटों में लड़ाई चल रही थी.
इधर पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. लोगों से पूछताछ की जा रही है. फायरिंग करने वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. तीन लोगों में एक को कंधे में गोली लगी है. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया है. एक के पैर में गोली लगी है. उसे भी स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.