जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह के कुरैशी मोहल्ला में रविवार को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई. इससे इलाके में हड़कंप मच गया. भीड़भाड़ वाले इलाके में अचानक चली गोली की आवाज सुनते ही लोग दहशत में आ गए और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दुकानदारों ने जल्दबाजी में शटर गिरा दिए, जबकि राहगीर सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ युवक गामा होटल के पास पहुंचे और वहां पहुंचते ही हथियार लहराकर लोगों को डराने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान एक राउंड हवाई फायरिंग की गई. गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. कुछ देर के लिए सड़क पर सन्नाटा छा गया और लोग सहम गए. घटना की सूचना पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू का दी है. पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया.
सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाश
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. इसमें बदमाशों की पहचान की गई है. इस मामले में पुलिस ने 2 युवकों को हिरासत में लिया है. सूचना है कि उनके पास से घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है. सूत्रों कि मानें तो फायरिंग में गोरा नामक अपराधी का नाम सामने आ रहा है. गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की और बदमाशों को कपाली से पकड़ा. फायरिंग के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है. पुलिस रंगदारी, आपसी विवाद और इलाके में दबदबा कायम करने की कोशिश जैसे कई बिंदुओं पर जांच कर रही है.