धनबाद(DHANBAD):धनबाद जिले के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल भौंरा ईजे महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य गेट के समीप उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नकाबपोश अपराधियों ने चार राउंड हवाई फायरिंग कर दी. घटना के बाद इलाके में भगदड़ मच गई और लोगों में दहशत फैल गई.
नकाबपोश अपराधियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया
बताया जा रहा है कि यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के सचिव गफ्फार अंसारी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भौंरा महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे थे.वार्ता के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, तभी नकाबपोश अपराधियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया.हमले के दौरान अपराधियों ने मौके पर खड़ी एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही भौंरा ओपी प्रभारी पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचे.पुलिस को आता देख सभी हमलावर मौके से फरार हो गए.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे है.
रिपोर्ट-नीरज कुमार