धनबाद(DHANBAD):धनबाद से हैरान वाली घटना सामने आई है. यहां चलती ट्रेन में चोरी करने के बाद भागने की कोशिश कर रहे एक चोर को लोगों ने पकड़ लिया.घटना मुंबई से हावड़ा जा रही मुंबई मेल एक्सप्रेस की है. बताया जा रहा है कि ट्रेन में सफर कर रही एक महिला का पर्स एक युवक ने चोरी कर लिया.चोरी करने के बाद आरोपी ने ट्रेन की चेन खींच दी, ताकि ट्रेन रुक जाए और आसानी से भाग सके.
आरोपी तेजी से नीचे उतरकर भागने लगा
जैसे ही ट्रेन धनबाद के रांगाटांड़ इलाके में रुकी, आरोपी तेजी से नीचे उतरकर भागने लगा लेकिन उसकी हरकत देखकर आसपास के लोगों को शक हुआ. लोगों ने तुरंत उसका पीछा किया और थोड़ी दूर पर पकड़ लिया.जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से महिला का पर्स और चोरी का सामान बरामद हुआ. इसके बाद लोगों ने आरोपी को पकड़कर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचना दी.
उत्तर प्रदेश का रहने वाला है आरोपी
सूचना मिलते ही RPF की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया.फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है.बताया जा रहा है कि आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसका ससुराल धनबाद के जामाडोबा इलाके में है.पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं.
रिपोर्ट-नीरज कुमार