धनबाद(DHANBAD) | धनबाद के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह पूरी तरह से सधे हुए कदमों से राजनीति में फिर से एक बार आगे बढ़ रहे हैं. 8 साल से अधिक समय तक जेल में रहने के बाद बरी होकर वह निकले तो मेयर की कुर्सी के रूप में पहली उनको सफलता मिली। अब वह झारखंड की राजनीति को साधने की कोशिश कर रहे हैं. इस क्रम में वह गुणा -भाग के बाद राजनीतिक कदम बढ़ा रहे हैं. तीन दिनों का रांची में प्रवास के बड़े राजनीतिक मतलब निकाले जा रहे है. विधायक पत्नी रागिनी सिंह के आवास का गृह प्रवेश तो एक बहाना था, असल में वह झारखंड की राजनीति में फिर से एक बार स्थापित होने की कोशिश कर रहे हैं.
पक्ष के विधायक हो, विपक्ष के विधायक हों, मंत्री हो, सांसद हो, सभी को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया और लोग पहुंचे भी. धनबाद में जो लोग उनका विरोध कर रहे थे, वह भी कार्यक्रम में शिरकत किये। संजीव सिंह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की. हालांकि यह शिष्टाचार मुलाकात बताई गई है , लेकिन मकसद नगर निगम के संचालन में सरकार के सहयोग की अपेक्षा थी. मुख्यमंत्री ने भी उन्हें भरोसा दिया है कि धनबाद के विकास में सरकार उनके साथ खड़ी मिलेगी। हो सकता है कि आज सुबह रांची से धनबाद लौट जाए , क्योंकि बुधवार को डिप्टी मेयर का चुनाव है. बुधवार को ही उन्हें मेयर का शपथ भी लेना है.
वैसे, तो संजीव सिंह की जीत ने धनबाद में एक नया राजनीतिक समीकरण खड़ा कर दिया है. कुछ लोग बगल झांक रहे हैं तो कई लोग अपने किए पर पछता भी रहे होंगे। कोयलांचल की राजनीति के बारे में कहा जाता है कि यह बहुत दिनों तक एक लकीर पर नहीं चलती है, देखना है कि आगे की राजनीति किस करवट बैठती है. बता दे कि झरिया की विधायक रागनि सिंह के रांची स्थित नए विधायक आवास में गृह प्रवेश के उपलक्ष्य में आयोजित प्रीतिभोज कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चित रहा. सरकार द्वारा आवंटित न्यू विधायक आवास-21, जगन्नाथपुर स्थित परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सत्ता और विपक्ष के कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने इसे एक महत्वपूर्ण राजनीतिक रंग दे दिया है.
इस मौके पर झारखंड के वित्त मंत्री , भाजपा सचेतक सह हटिया विधायक , धनबाद विधायक पलामू विधायक , विधायक प्रकाश राम , बरकट्ठा विधायक , बेरमो विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम केवल एक पारिवारिक या सामाजिक आयोजन भर नहीं था, बल्कि इसमें विभिन्न दलों के विधायकों की मौजूदगी ने इसे राजनीतिक रूप से भी चर्चित बना दिया। इधर , संजीव सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी शिष्टाचार कर धनबाद शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद के मेयर होने के नाते प्रोटोकॉल के तहत मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करने आये थे. उन्होंने कहा कि कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धनबाद नगर निगम की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से शहर में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो