TNP DESK: रांची से झारखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है. राज्य सरकार जल्द ही आधुनिक इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की तैयारी में जुटी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में शुरू होने वाली इस पहल का मकसद लोगों को सस्ती, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है.
जानकारी के अनुसार सरकार बुजुर्गों, छात्र-छात्राओं और अन्य पात्र वर्गों को मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा देने की योजना पर भी काम कर रही है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह योजना राज्य के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है.
सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों को पहले से बेहतर यात्रा सुविधा मिल सकेगी. साथ ही शहरों के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी परिवहन व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है. राज्य में पहले से संचालित ग्राम गाड़ी योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों और छात्रों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने की घोषणा की जा चुकी है. अब इसी व्यवस्था को और विस्तार देने की तैयारी की जा रही है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बेहतर परिवहन व्यवस्था को राज्य के विकास से जोड़ते हुए कहा है कि सरकार लगातार ऐसी योजनाओं पर काम कर रही है, जिससे आम लोगों को सीधे लाभ मिल सके. इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और झारखंड आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ाएगा.
सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य हरित परिवहन को बढ़ावा देना, लोगों को बेहतर सफर उपलब्ध कराना और आम जनता को आर्थिक राहत देना है. यदि यह योजना तय समय पर लागू होती है तो छात्रों, बुजुर्गों और रोजाना यात्रा करने वाले हजारों लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा.