चाईबासा (CHAIBASA): सीआरपीएफ की 197 बटालियन और जिला पुलिस ने नक्सल प्रभावित टोंटो थाना के कोल्हान रिजर्व वन क्षेत्र के हुसिपी गांव के पास घने जंगलों में सर्च अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने नक्सलियों द्वारा जमीन के अंदर एक बॉक्स में छुपा कर रखे गये अनेक सामान बरामद किया है. नक्सलियों के खिलाफ यह सर्च आपरेशन द्वितीय कमान अधिकारी सह अभियान कमांडर परविंदर सिंह के नेतृत्व में किया गया. यह अभियान सीआरपीएफ-197 बटालियन की तीन अलग-अलग कंपनी के कमांडर उप कमांडेंट शंभू विश्वास, सहायक कमांडेंट सुरेन्द्र बेनीवाल और सहायक कमांडेंट नुपुर चक्रवर्ती के सहयोग से चलाया गया.
जंगल में नक्सली गतिविधि की मिली थी सूचना
इस संबंध में अभियान कमांडर परविन्दर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि टोंटो थाना क्षेत्र के हुसिपी गांव के सरगाडीह जंगल में नक्सली गतिविधियां हो रही हैं. वहीं नक्सलियों ने जंगल में कुछ समान छिपा कर रखा हैं. इसके बाद विशेष रणनीति के तहत सीआरपीएफ-197 बटालियन की तीन कंपनी की उक्त पदाधिकारियों के नेतृत्व में जंगल की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया गया. इसी क्रम में हुसिपी गांव के पास जंगल की पहाड़ी पर जमीन मे गड़ा एक बॉक्स पाया गया. बॉक्स को सावधानी पूर्वक खोलने पर नक्सलियों की वर्दी, प्रशिक्षण हेतु हाथ से लिखे नोट्स /प्रिंटेड नोट्स, ट्रैक सूट, टॉर्च, दवाइयां और चश्मे इत्यादि समान बरामद हुआ. यह आशंका जताई जा रही है कि इस जगह नक्सल कैम्प रहा होगा जिसमें ये सामग्री प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा होगा.
नक्सली नेता की गिरफ्तारी
विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो तीन दिन पहले सर्च अभियान के दौरान एक बड़े नक्सली नेता की भी गिरफ्तारी हुई है. जिसके निशानदेही पर यह बक्सा बरामद किया गया है. लेकिन अभी तक इस खबर की पुष्टि जिला प्रशासन या सीआरपीएफ ने नहीं की है.
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता, चाईबासा
