दुमका(DUMKA):.दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. स्टोन चिप्स लदे हाईवा की चपेट में आने से दोनों की जान चली गई
मृतकों की हुई पहचान, ईद मनाने लौट रहे थे घर
हादसे में मृतकों की पहचान 30 वर्षीय हारून शेख और 45 वर्षीय बाबुर अली शेख के रूप में हुई है. बताया जाता है कि दोनों युवक देवघर से ईद मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे.यह हादसा दुमका रामपुरहाट मुख्य मार्ग एनएच 114ए पर हुआ.
हाईवा की टक्कर से बाइक सवार चपेट में आए
जानकारी के अनुसार शिकारीपाड़ा पत्थर औद्योगिक क्षेत्र से स्टोन चिप्स लोड कर एक हाईवा दुमका की ओर जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक को हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक हाईवा की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रहने वाले थे दोनों
बताया जाता है कि दोनों युवक पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला के रामपुरहाट थाना क्षेत्र के बेलडंगा गांव के रहने वाले थे.दोनों कबाड़ खरीदने के साथ गांव गांव घूमकर बर्तन व अन्य सामान बेचने का काम करते थे.
हादसे के बाद लोगों का आक्रोश, सड़क जाम
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए.आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया और लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर नाराजगी जताई.
अधिकारियों ने समझाकर हटवाया जाम
सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा के अंचल अधिकारी कपिलदेव ठाकुर और थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया.
रिपोर्ट-पंचम झा