✕
  • News Update
  • Trending
  • Jharkhand
  • Bihar
  • Politics
  • Business
  • Sports
  • National
  • Crime Post
  • Life Style
  • Health Post
  • Foodly Post
  • TNP Special Stories
  • Big Stories
  • Know your Neta ji
  • Entertainment
  • Know Your MLA
  • Art & Culture
  • Tour & Travel
  • Local News
  • Special Stories
  • TNP Photo
  • Techno Post
  • covid -19
  • LS Election 2024
  • TNP Explainer
  • International
  • Blogs
  • Education & Job
  • Special Story
  • Religion
  • Top News
  • Latest News
  • Lok Sabha Chunav 2024
  • YouTube
☰
  1. Home
  2. /
  3. News Update

दुमका: SP कॉलेज का कारनामा, अनुत्तीर्ण छात्र को निर्गत किया CLC, एक तरफ छात्र ने PG में लिया दाखिला तो दूसरी तरफ सेमेस्टर का दे रहा है परीक्षा

BY -
Samiksha Singh
Samiksha Singh
Copy Editor • TheNewsPost.in
PublishedAt: January 12, 2026, 4:29:41 AM

दुमका (DUMKA):  दुमका जिला मुख्यालय में एक कॉलेज है जिसका नाम है संताल परगना महाविद्यालय. ज्यादातर लोग इसे एसपी कॉलेज के नाम से जानते है. काफी पुराना और प्रतिष्ठित कॉलेज है. एक दौर वह भी था जब संयुक्त बिहार के समय में दूर दराज के छात्र यहां पढ़ने आते थे. उस वक्त एसपी कॉलेज में एडमिशन हो जाना बड़ी बात होती थी. समय के साथ साथ बिहार से अलग झारखंड राज्य बना. दुमका को उपराजधानी का दर्जा मिला, भागलपुर विश्वविद्यालय से अलग सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय बना तो लोगों को लगा कि एसपी कॉलेज का जलवा बरकरार रहेगा. लेकिन ऐसा हुआ नहीं, आज पढ़ाई से ज्यादा अन्य कारणों से कॉलेज चर्चा में बना रहता है.

अनोखे कारनामे के कारण सुर्खियों में एसपी कॉलेज

एसपी कॉलेज एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां का ताजा मामला सुनकर आप भी यही कहेंगे कि यहां सबकुछ संभव है. दरअसल कॉलेज प्रबंधन द्वारा परीक्षा में अनुत्तीर्ण एक छात्र को महाविद्यालय परित्याग प्रमाणपत्र यानी CLC निर्गत कर दिया गया. जिसके आधार पर छात्र ने एक तरफ तो सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर गणित विभाग में दाखिला ले लिया जबकि दूसरी तरफ एसपी कॉलेज में सेमेस्टर 3 का परीक्षा भी दे रहा है।.

छात्र समन्वय समिति ने प्राचार्य का किया घेराव, प्राथमिकी दर्ज करने की मांग

छात्र समन्वय समिति को जब इसकी भनक लगी तो छात्र नेता श्यामदेव हेंब्रम के नेतृत्व में छात्रों ने एसपी कॉलेज पहुंच कर प्रिंसिपल खिरोधर प्रसाद यादव का घेराव किया. छात्र नेता श्यामदेव हेंब्रम ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना करार देते हुए कुलपति से एसपी कॉलेज के प्राचार्य पर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग किया है. उसने कहा कि प्राचार्य ने विश्वविद्यालय को गुमराह करने का कृत्य किया है.

प्राचार्य ने मानी गलती, जारी CLC को किया गया रद्द

इस बाबत एसपी कॉलेज के प्राचार्य खिरोधर प्रसाद यादव का कहना है कि नामांकन शाखा के सहायक से चूक हुई है. श्रीनिवास रौशन नामक छात्र को भूलबस सीएलसी निर्गत हो गया है. मामला संज्ञान में आते ही मामले की जांच कराते हुए निर्गत सीएलसी को रद्द कर दिया गया है. इसकी सूचना SKMU के पीजी मैथ के एचओडी और पीजी नामांकन शाखा को दे दी गई है. स्पीड पोस्ट से छात्र के पते पर भी CLC रद्द करने की सूचना भेज दी गई है. उन्होंने यह भी कहा कि कॉलेज के नामांकन शाखा के सहायक से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि आखिर किस परिस्थिति में CLC निर्गत किया गया.

24 फरवरी को जारी हुआ CLC, जिसका नंबर है.. 4655

सूत्रों की माने तो 24 फरवरी 2025 को एसपी कॉलेज से छात्र श्रीनिवास रौशन का CLC निर्गत हुआ जिसका नंबर 4655 है. छात्र के पिता राजीव कश्यप कॉलेज के कर्मी है, जिसने एसपी कॉलेज के नामांकन शाखा में बैठकर अपने पुत्र का CLC बनवाया.  प्राचार्य द्वारा उनसे भी स्पष्टीकरण मांगा गया है

विश्वविद्यालय के कदम पर टिकी है लोगों की निगाहें

बहरहाल, कॉलेज प्रबंधन द्वारा निर्गत सीएलसी को रद्द कर दिया गया है, नामांकन शाखा के सहायक और छात्र के पिता से स्पष्टीकरण मांगा गया है, लेकिन एसपी कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित कॉलेज में इस तरह की चूक होना सहज रूप में हजम नहीं हो रहा है. एक तरफ छात्र संगठन प्रिंसिपल और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे है तो दूसरी तरफ अपनी सफाई में प्रिंसिपल कह रहे है कि उनके ऊपर प्राथमिकी का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि मामला संज्ञान में आते ही उसने जारी CLC को रद्द करते हुए सहायक से स्पष्टीकरण मांगा है. इस स्थिति में विश्वविद्यालय का क्या रुख रहता है यह देखना दिलचस्प होगा.

रिपोर्ट: पंचम झा

Tags:Jharkhand newsDumka newsDumka SP College's featissued CLC to failed studentसंताल परगना महाविद्यालय

© Copyrights 2023 CH9 Internet Media Pvt. Ltd. All rights reserved.