दुमका (DUMKA): दुमका में चोरों का आतंक चरम पर है.बंद घर में चोरी या फिर पब्लिक प्लेस से बाइक की चोरी आम बात है. अब तो घर के बाहर रखे ट्रैक्टर की भी चोरी हो जा रही है.8 अप्रैल और 13 मई को हुई ट्रैक्टर चोरी की घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और चोरी हुई दोनों ट्रैक्टर को बरामद करते हुए अंतर प्रांतीय ट्रैक्टर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
8 अप्रैल और 13 मई को हुई थी ट्रैक्टर की चोरी
जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल 2026 की रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के केशिया बहाल गांव निवासी तापस मांझी के घर के बाहर से ट्रैक्टर की चोरी हुई थी. इस संबंध में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 63/26, 9 अप्रैल 2026 को बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद 13 मई 2026 की रात शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कोलपाड़ा बांकीजोर गांव निवासी मनोज कुमार मंडल के घर के बाहर से भी अज्ञात चोरों ने ट्रैक्टर चोरी कर लिया.
कांड के उद्भेदन के लिए विशेष टीम का हुआ गठन
लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दुमका के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
कुलकुली डंगाल से शुरू हुई कार्रवाई
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 मई 2026 को शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कुलकुली डंगाल गांव से आरोपी संजीव मड़ैया को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने दो साथियों के नाम बताए. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के सावराकोड़ी निवासी शेख अजीजुल तथा बीरभूम जिला के दरपाशीला निवासी बंसी दास को भी गिरफ्तार कर लिया.तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
पश्चिम बंगाल से बरामद हुए दोनों ट्रैक्टर
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों ट्रैक्टर बरामद कर लिए.एक ट्रैक्टर मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र से जबकि दूसरा ट्रैक्टर बोलपुर, शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र से बरामद किया गया.
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
कार्रवाई में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी जगन्नाथ धान, शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा सहित मुफ्फसिल एवं शिकारीपाड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे.
रिपोर्ट-पंचम झा