दुमका (DUMKA): दुमका जिला के हंसडीहा थाना के खसिया गांव के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. टैंकर में कच्चा तेल लोड था. जो हल्दिया से नेपाल जा रहा था. घटना की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई. तेल होने की बात जानकर आसपास के लोग बर्तन लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए. लोग कच्चा तेल को अपने बर्तन में भर कर घर जाने लगे. सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
ड्राइवर घायल
पुलिस ने मौके से ग्रामीणों को खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की एक ना चली. ग्रामीण लगातार तेल लूटते रहे. वहीं इस दुर्घटना में ड्राइवर मामूली रूप से घायल है, जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट में चल रहा है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
