दुमका(DUMKA): जिला के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के कुश्चिरा बायपास के पास स्टेट हाईवे पर बिस्किट लदा एक कंटेनर बिजली तार के संपर्क में आने से अचानक आग की चपेट में आ गया. आग इतनी भयावह थी कि कंटेनर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं.
चालक और खलासी झुलसे, बची जान
हादसे में कंटेनर चालक किशोर कुमार और खलासी आलम को आंशिक रूप से झुलसने के साथ तेज बिजली का झटका भी लगा. हालांकि दोनों ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली.
दमकल की तत्परता से बड़ा नुकसान टला
आग की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और कोल ट्रांसपोर्ट की वाटर वैन मौके पर पहुंची. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कंटेनर के पिछले हिस्से में आग फैलने से बच गई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही गोपीकांदर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में दमकल कर्मियों का सहयोग किया.
रायपुर से सिलीगुड़ी जा रहा था कंटेनर
खलासी आलम ने बताया कि कंटेनर छत्तीसगढ़ के रायपुर से बिस्किट लेकर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रहा था. इसी दौरान कुश्चिरा बायपास के पास 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.