दुमका(DUMKA): पेट्रोल कांड की पीड़िता अंकिता सिंह की रिम्स में इलाज के दौरान मौत के बाद दुमका में जारी बवाल के बीच एसडीओ के आदेश से धारा 144 लागू कर दी गई है. इसके बावजूद लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है. प्रशासन के आदेश को दरकिनार करते हुए शाम में फिर काफी संख्या में छात्र और विभिन्न संगठन के लोग सड़कों पर उतरे. रसिकपुर से छात्रों का निकाला गया कैंडल मार्च टीन बाजार चौक पहुंचा. जहां विभिन्न संगठन के लोग जमा थे. लोगों ने टीन बाजार चौक पर सीएम और आरोपी शाहरुख हुसैन का पुतला दहन किया. लोग अंकिता को न्याय दिलाने के लिए आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग करते नजर आए.
धारा 144 लागू
बता दें कि अंकिता की मौत के बाद दुमका में लोगों में भारी आक्रोश है, सुबह से ही शहर की दुकान-बाजार बंद हो गई है. मौत की खबर मिलते ही लोग सड़क पर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस-प्रशासन के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं. इस विरोध प्रदर्शन में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, भाजपा के आलाव बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद हैं. विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बाजार भी बंद कराया, कुछ जगहों पर दुकान बंद कराने को लेकर प्रदर्शनकारियों और दुकानदारों के बीच झड़प भी हुई है. इसी की संभावना को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन धारा 144 लागू किया है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका