जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : जमशेदपुर पुलिस ने बीते दिनों साकची थाना के राजेंद्र नगर में हुई दो करोड़ दस लाख की चोरी का खुलासा किया है. मामले में पुलिस ने पीड़ित अजय मोदी के भाई शैलेश मोदी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 7.70 लाख रुपए और चांदी के बर्तन समेत घटना में 'प्रयुक्त बांस की सीढ़ी, कटर और सब्बल बरामद किया है.
भाई ने संपत्ति विवाद में करवाई चोरी
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अजय मोदी और शैलेश मोदी के बीच संपत्ति विवाद को लेकर अक्सर बकझक होती रहती थी. इसके अलावा अजय के पास काफी पैसा था इसकी जानकारी शैलेश को थी. इसी को लेकर उसने परवेज को अपनी तरकीब बताई जिसके बाद परवेज ने अपनी एक टीम बनाकर घटना को अंजाम दिया. शैलेश को जानकारी थी कि अजय घर से कितने दिन बाहर रहने वाला है. इसी का फायदा उठाते हुए शैलेश ने चारों के साथ मिलकर तीन चार दिनों में घटना को अंजाम दिया. सभी दो तीन की संख्या में घर में रात को घुसते थे जिसमें शैलेश मदद करता था. सभी चोरी कर सामान ले जाते थे. चोरी के रुपयों से कार, बाइक समेत अन्य सामानों की खरीद की. इसके अलावा गहनों को भी बेच दिया. वहीं जुए में भी कुछ रुपए हार गए.डिजनी लैंड में पार्किंग का काम करता था परवेज.
इन सभी की हुई गिरफ्तारी
ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी परवेज आलम अंसारी, जुगसलाई गरीब नवाज कॉलोनी निवासी रहमतुल्लाह उर्फ बटकू अंसारी, मानगो रोड नंबर 7 निवासी मो अफरोज, बागबेड़ा निवासी निरंजन गौड़ और शेख अब्दुल्ला इसराफिल शामिल है.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा, जमशेदपुर
