दुमका ( DUMKA) : डीपीएल यानी दुमका प्रीमियर लीग सीजन 2 का आगाज़ रविवार को ए टीम क्रिकेट ग्राउंड में उत्साह और जोश के साथ हुआ. उद्घाटन मौके पर जामा विधायक डॉ लुईस मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं
राष्ट्रगान के साथ हुआ मैच का शुभारंभ, पुरस्कार राशि में हुई बढ़ोतरी
मैच शुरू होने से पहले सभी टीमों के खिलाड़ी, टीम मालिक, मुख्य अतिथि और आयोजनकर्ताओं ने एक साथ राष्ट्रगान गाकर खेल भावना का परिचय दिया.
नगर परिषद अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की घोषणा की. अब विजेता टीम को 1,76,000 रुपये और उपविजेता टीम को 1,12,000 रुपये दिए जाएंगे.
अतिथियों का हुआ सम्मान
आयोजनकर्ता डॉ तुषार ज्योति ने मुख्य अतिथि डॉ. लुईस मरांडी को मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. इसके अलावा नगर परिषद उपाध्यक्ष मनोज सिंह, जिला खेलकूद संघ के सचिव उमा शंकर चौबे, चेंबर ऑफ कॉमर्स के मनोज घोष, झामुमो सचिव निश्चित गोलदार, समाजसेवी ब्रेंटियस किस्कु और राजेश सिंह को भी सम्मानित किया गया.
पहले मैच में रोमांचक जीत
टॉस जीतकर अशोका लायंस ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए दुमका चैलेंजर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान शुभांशु वर्मा ने 61 रन और विशाल राउत ने 57 रन की शानदार पारी खेली। अशोका लायंस के हर्ष कुमार सिन्हा ने 2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए अशोका लायंस ने आखिरी ओवर में 2 विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली। टीम के कुणाल कुमार ने 60 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। दुमका चैलेंजर्स की ओर से रविंद्र कुमार साह ने 3 और समीर ने 2 विकेट लिए.
कुणाल कुमार बने मैन ऑफ द मैच
शानदार प्रदर्शन के लिए कुणाल कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष भास्कर अजीत सिंह द्वारा ट्रॉफी और 1000 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका राजेश्वर सिंह और संजीव रंजन ने निभाई, जबकि स्कोरिंग प्रदीप कुमार और कमेंट्री अतुल झा ने की.
इस मौके पर जिला क्रिकेट संघ के सदस्य, टीम मालिक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा.
रिपोर्ट – पंचम कुमार झा