धनबाद(DHANBAD): शनिवार को धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में अपार्टमेंट के छत से गिरने से एक महिला की मौत हो गई थी. महिला की पहचान डॉक्टर लक्ष्मण सिंह की पत्नी के रूप में हुई थी. वह सरायढेला स्थित शांति विहार के प्रगति वाटिका अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहती थी. घटना के बाद डॉक्टर लक्ष्मण सिंह ने पुलिस को बयान दिया है कि वह घर पर नहीं थे. शनिवार को उनकी पत्नी ममता कुमारी अपार्टमेंट की छत से गिर गई.
इस बयान के आधार पर पुलिस ने अ प्राकृतिक मौत(यूडी ) का मामला दर्ज किया है. मूल रूप से बिहार के रहने वाले डॉक्टर लक्ष्मण सिंह ने पुलिस को बताया कि 28 फरवरी को वह और उनकी पत्नी ने बच्चों के साथ सुबह में मॉर्निंग वॉक किया था. इसके बाद तीनों ने साथ मिलकर नाश्ता किया.
फिर वह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले. रास्ते में उनके स्टाफ ने फोन से सूचना दी कि उनकी पत्नी छत से गिर गई है. पुलिस पेट्रोलिंग वाले उन्हें लेकर SNMMCH गए हैं. सूचना पाकर वह सीधे अस्पताल पहुंचे, वहां इमरजेंसी के डॉक्टरों ने जांच के बाद पत्नी को मृत घोषित कर दिया था.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
