धनबाद(DHANBAD): धनबाद रेल मंडल में अभियान चल रहा है "समय पालन", अधिकारी कोशिश कर रहे हैं कि बिना किसी वाजिब कारण के ट्रेनों के परिचालन में कोई विलंब नहीं हो. पूर्व मध्य रेलवे बिना पर्याप्त कारण के अवैध तरीके से चेन पुलिंग कर रेलगाड़ियों को जहां-तहां रोकने के खिलाफ नियमित अभियान चला रहा है. इसी क्रम में पूर्व मध्य रेलवे के सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन "समय पालन" के तहत ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखनी शुरू की है. इस विशेष अभियान में एक महीना (26.03.23 से 26.04.23) में रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने पूर्व मध्य रेल, धनबाद मंडल के विभिन्न रेलखंडों में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में 134 लोगों को हिरासत में लिया.
धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई
इन लोगों के विरूद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई है. इस 95,570/- रुपये जुरमाना वसूला गया. धारा 141 के तहत दर्ज कुल मामले 134 है. विदित हो कि गाड़ियों को बिना ठहराव एसीपी (चेन पुलिंग) करके रोकने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. लंबी दूरी वाली गाड़ियों में सफर करने वाले यात्री एसीपी के कारण और ज्यादा परेशान हो जाते है. दावा किया गया है कि यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल धनबाद मंडल का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
