धनबाद(DHANBAD): त्योहारी सीजन में भी बिजली संकट 'जी हां' धनबाद में बिजली संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. प्रतिदिन 6 से 8 घंटे बिजली कट रही है. बिजली संकट से आम लोग तो तबाह है ही कारोबारी भी पूंजी लगाकर माथा पीट रहे हैं. दुकानदारों का आरोप है कि ठीक दुकानदारी के समय ही बिजली काट दी जा रही है.
बिजली कटौती से लोग परेशान
त्योहारों के कारण बाजार में भीड़ बढ़ गई है. दुर्गा पूजा की खरीदारी जोर पकड़ने लगी है. लेकिन बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान हैं. शहर के कई इलाकों में रोटेशन के आधार पर बिजली मिल रही है. इस मामले में बिजली विभाग कहता है कि कम बिजली मिलने के कारण यह परेशानी हुई है. डीवीसी की कटौती होने के बाद विभाग के पास कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है, जिससे लोगों को राहत पहुंचाई जा सके.
दुर्गा पूजा तक मिल जायेगी पर्याप्त बिजली
विभागीय सूत्रों के अनुसार डीवीसी हर दिन 4 से 5 घंटे बिजली काट रहा है. कांडरा ग्रिड से भी कम बिजली मिल रही है, इस कारण बिजली संकट पैदा हुआ है. हालांकि विभाग यह भरोसा दिला रहा है कि दुर्गा पूजा में पर्याप्त बिजली देने की व्यवस्था की जा रही है.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद