धनबाद(DHANBAD): कतरास के सोनार डीह में शुक्रवार की देर शाम फिर फायरिंग की घटना हुई है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के अनुसार शुभम यादव नामक युवक को गोली मारी गई है. वह गंभीर रूप से घायल हो गया है.
घटना के बाद अगल-बगल के लोगों ने उसे अशर्फी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. जो जानकारी निकलकर आई है, उसके अनुसार शुभम यादव के सिर और पेट में गोली लगी है. उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
वह मेयर संजीव सिंह का समर्थक बताया जाता है. घटना की सूचना मिलने के बाद मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर से बातचीत की. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. घटना किन कारणों से हुई है, इसका खुलासा नहीं हुआ है. दूसरी ओर इस गोलीबारी की घटना के बाद संजीव सिंह ने कहा है कि यह कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.