धनबाद(DHANBAD)': उपायुक्त आदित्य रंजन ने मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम जनों की शिकायत सुनी।
जनता दरबार में गोविंदपुर प्रखंड के पलैयडीह से आए ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ग्रामीणों ने स्कूल बनाने के लिए दो एकड़ भूमि दान में दी थी. जिसकी डीड भी उपलब्ध है. सर्वे के अनुसार 1.98 एकड़ भूमि खतियान में दर्ज है. जबकि विभागीय गलती के कारण नए नक्शे में इसे 1.55 एकड़ दर्शाया गया है एवं शेष भूमि गांव के ही कुछ व्यक्तियों को बंदोबस्त कर दी गई है.
जमीन की मापी करने की ग्रामीणों ने की मांग
भूमि का अतिक्रमण हो जाने से बाउंड्री वॉल का निर्माण रुक गया है. ग्रामीणों ने जमीन की मापी कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाई है. जनता दरबार में तेतुलमारी हरिजन बस्ती के ग्रामीणों ने वेस्ट मुदीडीह कोलियरी के हरिजन बस्ती में कोयला तस्करों द्वारा अवैध मुहाना खोलकर कोयले की निकासी करने की शिकायत की. ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद बीसीसीएल ने अवैध मुहाने की भराई की थी. परंतु तस्करों ने मुहाना खोलकर कोयले का अवैध खनन शुरू कर दिया है.
अवैध खनन से बस्ती के जमींदोज होने का खतरा
इससे बस्ती के जमींदोज़ होने एवं जान माल की क्षति होने की संभावना है. वहीं तोपचांची के कोरकोट्टा से आई वृद्ध महिला ने सातवें वेतनमान का लाभ दिलाने, बेलगड़िया में आवास मुहैया कराने, पुत्र पुत्र-वधू द्वारा प्रताड़ित करने, बाउंड्री वॉल निर्माण में बाधा उत्पन्न करने, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र निर्गत कराने, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने, अबुआ आवास स्वीकृत करने सहित अन्य आवेदन प्राप्त हुए.उपायुक्त ने आमजनों की समस्या का समाधान करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया। जनता दरबार में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद भी मौजूद थे.