धनबाद(DHANBAD):धनबाद के केंदुआडीह कोलियरी क्षेत्र में लगातार हो रहे भू-धंसान और जहरीली गैसों के रिसाव से स्थानीय लोग दहशत में है. ऐसे में प्रभावितों को राहत और कानूनी सहायता देने के लिए शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण यानी डालसा की “न्याय रथ” टीम क्षेत्र में पहुंची और हालात का जायजा लिया.केंदुआडीह के भू-धंसान और गैस प्रभावित क्षेत्रों में डालसा की विशेष टीम ने दौरा कर लोगों से सीधा संवाद किया.टीम का नेतृत्व अवर न्यायाधीश सह सचिव मयंक तुषार टोपनो कर रहे थे. उनके साथ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ कुमार विमलेंदु, डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे.
प्रभावितों को पुनर्वास और कानूनी सहायता का आश्वास
टीम ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते हुए लोगों की समस्याओं को सुना और उन्हें कानूनी सहायता के साथ-साथ सुरक्षा उपायों की जानकारी दी.इस दौरान जागरूकता अभियान भी चलाया गया, ताकि लोग अपने अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति सचेत हो सकें.डालसा की टीम ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को हर संभव कानूनी मदद और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी साथ ही मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन के साथ समन्वय कर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे.
डालसा की इस पहल से प्रभावित लोगों में जगी उम्मीद
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है.यह टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का आकलन करेगी और लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने में मदद करेगी.डालसा की इस पहल से प्रभावित लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही भू-धंसान और गैस रिसाव की समस्या का कोई ठोस समाधान निकलेगा.
रिपोर्ट-नीरज कुमार