जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके अपना कर लोगों के बैंक खाली कर रहे है. ठग अब लोगों की मजबूरी और बीमारी का फायदा उठाकर भी ठगी की घटना को अंजाम दे रहे है. शहर में सामने आए ठगी के दो अलग-अलग मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. एक व्यक्ति से एयर एंबुलेंस उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया है जबकि टाटा मोटर्स कर्मचारियों के खाते से बिना कोई जानकारी साझा किया 80 हजार रुपए की निकासी कर ली गई है. दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है. बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में मामलों की शिकायत की गई है.
गूगल पर नंबर सर्च करना पड़ा भारी
शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र में रहने वाले रौनक सिंह चौहान से ठगों ने 8 लाख रुपए की ठगी की है. एयर एम्बुलेंस के नाम पर ठगों ने इस ठगी की घटना को अंजाम दिया. इस मामले में रौनक ने बिष्टुपुर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने बताया है कि मेरे रिश्तेदार मोहन सिंह को गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल के सीसीयू में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद रेफर करने की सलाह दी. परिजन जल्द से जल्द एयर एम्बुलेंस की तलाश में इंटरनेट पर सर्च करने लगे. इसी दौरान उनकी बात वेदांत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी से हुई. कंपनी ने 8 लाख रूपए में एयर एम्बुलेंस भेजने का भरोसा दिया. परिजनों ने तय रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी, लेकिन इसके बाद कंपनी की ओर से बहानेबाजी शुरू हो गई. उन्होंने ने गूगल पर एयर एम्बुलेंस के लिए नंबर सर्च किया था. समय पर एयर एम्बुलेंस नहीं पहुंची और इलाज में देरी के कारण उसी दिन मरीज की मौत हो गई. बाद में पैसे लौटाने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया.
कर्मचारी के खाते से 80 हजार गायब
इधर, परसुडीह थाना क्षेत्र के राहरगोड़ा में रहने वाले टाटा मोटर्स कर्मचारी राजेश कुमार तिवारी के बैंक खाते से 80 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई. राजेश ने बताया कि 28 अप्रैल को उनके एसबीआई खाते से अचानक रकम कट गई. बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि पैसे यूपीआई के जरिए ट्रांसफर किए गए हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई भुगतान नहीं किया और न ही किसी को बैंक डिटेल साझा की. इसके बाद भी उनके खाते से पैसे निकाल लिए गए.